बोकारो : झारखंड सरकार ने राज्य के पुलिस प्रशासन में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए मंगलवार को कई आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया। इस बदलाव का असर बोकारो सहित कई प्रमुख जिलों में देखने को मिलेगा, जहां नए पुलिस पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन तबादलों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिनका उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करना है।
भा.पु.से. 2018 बैच के अधिकारी हरविंदर सिंह को बोकारो का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वे अब तक रांची में संचार एवं तकनीकी सेवाएं के एसपी के रूप में कार्यरत थे। अब वे बोकारो जिले की कमान संभालेंगे और अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे। उनका तबादला बोकारो में नई ऊर्जा और तकनीकी दक्षता के साथ पुलिस कार्यप्रणाली को मजबूती देने की दिशा में देखा जा रहा है।
बोकारो के नए पुलिस महानिरीक्षक के रूप में भा.पु.से. 2006 बैच के अधिकारी क्रांति कुमार गडिदेशी को नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले दुमका में आईजी के पद पर तैनात थे। उनके स्थानांतरण को क्षेत्रीय सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
वहीं, अब तक बोकारो में आईजी पद पर कार्यरत माइकल राज एस. को पुलिस महानिरीक्षक (अभियान), झारखंड के रूप में रांची भेजा गया है। अभियान शाखा में उनकी नियुक्ति से राज्य में विशेष अभियानों की निगरानी और संचालन को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा, बोकारो के डीआईजी सुरेंद्र झा को स्थानांतरित कर डीआईजी (कार्मिक), रांची के पद पर नियुक्त किया गया है। हालांकि, बोकारो में नए डीआईजी की घोषणा अब तक नहीं हुई है। यह फेरबदल जिला स्तर पर पुलिस संरचना में नए संतुलन और कार्यकुशलता की ओर संकेत करता है।